महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म, दो बेटियां और एक बेटा

विकास कुमार
गढ़वा। जिले के भवनाथपुर प्रखंड से एक बेहद खुशी भरी और दुर्लभ खबर सामने आई है। पंडरिया पंचायत के अधौरा गांव के नवही टोला में एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। खास बात यह है कि तीनों नवजातों में दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार अधौरा निवासी सुरेंद्र कुमार उरांव की पत्नी संगीता देवी का प्रसव आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सुरक्षित तरीके से कराया गया। अस्पताल की एएनएम अचला कुमारी की देखरेख में प्रसव कराया गया, जिसमें मां और तीनों बच्चों की स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। एक साथ तीन बच्चों के जन्म की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में खुशी का माहौल बन गया। परिजन और ग्रामीण इस अनोखी घटना को भगवान की विशेष कृपा मान रहे हैं। परिवार के लोग नवजात बच्चों को लेकर बेहद उत्साहित हैं और अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जता रहे हैं। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि एक साथ तीन बच्चों का जन्म (ट्रिपल डिलीवरी) काफी दुर्लभ होता है, लेकिन समय पर चिकित्सा देखभाल और निगरानी के कारण प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस अनोखी खुशखबरी की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।



