टॉप न्यूज़

रमजान का पवित्र महीना आज से शुरू, मस्जिदों में गूंजेगी तरावीह की नमाज़

पूरे महीने मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखकर करते अल्लाह की इबादत

विकास कुमार 

मेराल। मुस्लिम धर्म का पवित्र महीना रमजान आज से शुरू हो गया। चांद दिखने की पुष्टि के बाद क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखा गया। पहले रोजे के साथ ही लोगों ने अल्लाह की इबादत, रोजा और नमाज़ की शुरुआत की। मस्जिदों में तरावीह की नमाज़ अदा की गई तथा मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी गई। रमजान का महीना इस्लाम धर्म में बेहद पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि इसी महीने में पाक किताब क़ुरआन शरीफ़ नाज़िल हुई थी। पूरे महीने मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखकर अल्लाह की इबादत करते हैं, पांच वक्त की नमाज़ अदा करते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं।

रोजेदार सुबह सहरी (सेहरी) के बाद रोजा शुरू करते हैं और सूर्यास्त के समय इफ्तार कर रोजा खोलते हैं। इफ्तार के दौरान खजूर, फल और अन्य व्यंजनों के साथ रोजा खोला जाता है। मस्जिदों और घरों में विशेष इबादत का माहौल रहता है। धार्मिक जानकारों के अनुसार रमजान का महीना सब्र, त्याग, परोपकार और आत्मसंयम का संदेश देता है। इस दौरान जकात और फित्रा देने की भी परंपरा है, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोग भी ईद की खुशियों में शामिल हो सकें।

रमजान के अंतिम दिनों में शबे-कद्र की खास अहमियत होती है, जिसे हजार महीनों से बेहतर रात माना गया है। महीने के अंत में चांद दिखने के बाद ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जाएगा। क्षेत्र की मस्जिदों में सुरक्षा और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। स्थानीय प्रशासन ने भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। रमजान के आगमन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बन गया है और लोग एक-दूसरे को मुबारकबाद दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!