टॉप न्यूज़धर्म

हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ का जल यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ

महायज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धालुओं की उत्साह माहौल

विकास कुमार 

मेराल। प्रखंड के पचपेड़ी संखड़िया पहाड़ी स्थित महावीर मंदिर परिसर में हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण पूरा इलाका धार्मिक उत्साह और आस्था से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर प्रांगण में आचार्य पंडित रामनाथ मिश्र एवं कंचन पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और कलश संकल्प के साथ हुई। आचार्यों के निर्देशन में श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरकर शोभायात्रा निकाली। कलश यात्रा पचपेड़ी संखड़िया पहाड़ी से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए गटियरवा गांव स्थित नदी पहुंची, जहां विधिवत वरुण पूजन कर कलश में जल भरा गया। इसके बाद यात्रा पुनः संखड़िया यज्ञ स्थल पहुंची।

यात्रा के दौरान बैंड-बाजा, साउंड सिस्टम पर भक्ति गीत और “जय श्री राम” तथा “हनुमान जी की जय” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भक्ति भाव से झूमते और जयघोष करते आगे बढ़ते रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष गंगालाल अग्रवाल, आलोक ठाकुर, संजय कुमार सिंह एवं सुमेर पासवान सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ 20 फरवरी तक चलेगा। प्रतिदिन हवन, पूजन, प्रवचन और भजन-कीर्तन के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ का समापन 20 फरवरी को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा तैनाती की गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस धार्मिक आयोजन को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। उनका कहना है कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता और भाईचारा मजबूत होता है।

महायज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस धार्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होगा। इस अवसर पर कमेटी के हरिवंश तिवारी, रामलाल चौधरी, प्रतीक अग्रवाल, मुखिया अजीज अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!