राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत “रोज़ एट रोड” कार्यक्रम जागरूकता अभियान शुरू

विकास कुमार
गढ़वा। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति सामान्य जनों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत “रोज़ एट रोड” कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश के निर्देश के आलोक में गढ़वा में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न जानकारियाँ आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को दी गईं। इस दौरान सड़क सुरक्षा, रोज़ एट रोड अभियान, यातायात नियमों के पालन, हिट एंड रन योजना एवं गुड सेमेरिटन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान यह बताया गया कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसके तहत यातायात में संलग्न चालकों एवं आम लोगों के बीच पुष्पमाला, गुलाब के फूल, रोड सेफ्टी हैंडबुक एवं रोड सेफ्टी पंपलेट का वितरण किया गया। साथ ही सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। उक्त सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक संजय बैठा, विनय रंजन तिवारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



