टॉप न्यूज़

किसान के बेटे ने रचा सफलता का इतिहास, पहले ही प्रयास में NEET में 534 अंक, मनीष यादव ने बढ़ाया मेराल का मान

विकास कुमार 

मेराल (गढ़वा)। मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के दम पर ग्रामीण परिवेश से निकलकर लातदाग गांव के मनीष यादव ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में 534 अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। किसान परिवार से आने वाले मनीष ने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि मजबूत संकल्प ही सफलता की असली कुंजी है। मनीष, मेराल थाना क्षेत्र के लातदाग गांव निवासी राज किशोर यादव एवं मंती देवी के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से पिता, माता, बाबा साधु शरण यादव, चाचा जगन्नाथ यादव सहित पूरे परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। मनीष की प्रारंभिक शिक्षा एस.डी. मेमोरियल एकेडमी, मेराल में हुई। इसके बाद उन्होंने सी.पी. मेमोरियल स्कूल, गढ़वा से 10वीं की परीक्षा उत्कृष्ट अंकों से उत्तीर्ण की। 12वीं की पढ़ाई इंजीनियर एकेडमी, गढ़वा से पूरी करने के बाद उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा का रुख किया। कठिन परिश्रम और अनुशासित तैयारी का परिणाम रहा कि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में NEET में 534 अंक हासिल कर सफलता का परचम लहरा दिया। अपनी सफलता का श्रेय मनीष ने अपने माता-पिता, परिवार और गुरुजनों को दिया। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए उनका संदेश है, “स्पष्ट लक्ष्य तय करें, नियमित मेहनत करें और कभी हार न मानें, सफलता जरूर मिलेगी। मनीष की इस उपलब्धि पर प्रमोद कुमार गुप्ता, धर्मराज दुबे, डॉ. विनोद कुमार द्विवेदी, पंकज शाह, पंचम रजक, धर्मेंद्र कुमार मिश्र, चंद्रकांत दुबे, प्रेम दुबे, संजय दुबे, विष्णुकांत यादव, डॉ. विजय यादव, कृष्णा दुबे, ललनी यादव, हरिकृष्ण मेहता, दिनेश यादव, शिवशंकर प्रसाद गुप्ता, पवन कुमार, शेखर प्रसाद गुप्ता, मनोज राम सहित अनेक लोगों ने बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!