मेराल में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ

विकास कुमार
मेराल । प्रखंड क्षेत्र में 10 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेराल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लाल मोहन एवं चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल साह ने डीईसी की तीन तथा एलबेंडाजोल की एक गोली का सेवन कर किया।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी ने उपस्थित लोगों को फाइलेरिया रोग से बचाव, समय पर दवा सेवन और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी को निर्धारित दवा का सेवन अवश्य करना चाहिए।

विधायक प्रतिनिधि डॉ. लाल मोहन ने कहा कि अभियान के तहत निर्धारित आयु वर्ग के सभी लोगों को डीईसी एवं एलबेंडाजोल की दवा अवश्य दी जाए, ताकि फाइलेरिया रोग को जड़ से समाप्त किया जा सके।
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल साह ने बताया कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जाएगी। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि दवा का सेवन कभी भी भूखे पेट न करें।
कार्यक्रम में कई स्वास्थ्य कर्मी एवं स्वास्थ्य सहियाएं उपस्थित रहीं, जो अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे दवा का सेवन कर इस अभियान को सफल बनाएं।

