डीसी ने सपरिवार के साथ सुखलदरी जलप्रपात का भ्रमण, अधिकारियों संग लिया वनभोज का आनंद

विकास कुमार
गढ़वा। जिले के धुरकी में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुखलदरी जलप्रपात में बुधवार को जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों का सपरिवार भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त दिनेश कुमार यादव अपने परिवार के साथ जलप्रपात पहुंचे और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया।
इस अवसर पर उनके साथ पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, डीएफओ अंशुमान राजहंस, ई जे अब्राहम, एसडीओ प्रभाकर मिर्धा तथा सीओ विमल कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुखद प्राकृतिक वातावरण में वनभोज का भी आनंद लिया और लगभग पाँच घंटे तक जलप्रपात व आसपास के प्राकृतिक क्षेत्र का भ्रमण एवं अवलोकन किया।

उपायुक्त ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सुखलदरी जलप्रपात अत्यंत रमणीय एवं सुकून देने वाला स्थल है, जो गढ़वा जिले के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यटन संभावनाओं वाला क्षेत्र बन सकता है। उन्होंने बताया कि इस स्थल के विकास के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह संकल्पित है और पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

डीसी ने जानकारी दी कि वन विभाग द्वारा लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से एक मास्टर प्लान प्रस्तावित किया गया है। इस पर वन विभाग, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन मिलकर गहन विचार-विमर्श करेंगे, ताकि सुखलदरी को एक विकसित पर्यटन केंद्र के रूप में तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों की सहमति से मास्टर प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा और आवश्यक संरचनात्मक एवं पर्यटक सुविधाओं के विकास हेतु यथाशीघ्र कार्य आरंभ किया जाएगा। स्थल पर वनपाल प्रमोद यादव, वनरक्षी, धुरकी प्रखंड के मुखिया प्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य, तथा स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे।



