मेराल प्रखंड के तीन पैक्स में धान खरीदी की शुरुआत, किसानों को 2450 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा मूल्य

मेराल प्रखंड के तीन पैक्स में धान खरीदी की शुरुआत, किसानों को 2450 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा मूल्य
विकास कुमार
मेराल। प्रखंड के तीन पैक्स में शुक्रवार से धान खरीदी की विधिवत शुरुआत की गई। इसकी शुरुआत गेरुआ पंचायत स्थित पैक्स में जिला सहकारिता पदाधिकारी नीलम कुमारी, प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, मुखिया अनिल चौधरी, वीरेंद्र नाथ तिवारी, मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र चौधरी एवं पैक्स अध्यक्ष आशीष कुमार चौबे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इसी क्रम में व्यापार मंडल गेरुआसोती पैक्स में जिला सहकारिता पदाधिकारी के साथ पैक्स अध्यक्ष शांति देवी, मुखिया राम प्रताप साह एवं जगजीवन रवि ने धान खरीदी का शुभारंभ किया।
वहीं बिकताम पैक्स में जिला सहकारिता पदाधिकारी के साथ जिला विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, पैक्स अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, मुखिया सुरेश राम एवं मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर धान खरीदी की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिला सहकारिता पदाधिकारी नीलम कुमारी ने कहा कि मेराल प्रखंड के किसानों के लिए आज का दिन अत्यंत सुखद और महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा 2369 रुपये एवं झारखंड सरकार द्वारा 81 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कुल 2450 रुपये प्रति क्विंटल धान की खरीदी पैक्स के माध्यम से की जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि एक किसान से अधिकतम 200 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। 200 क्विंटल से अधिक धान बेचने वाले किसानों को उपायुक्त से अनुमति लेनी होगी। वहीं प्रति एकड़ 16 क्विंटल के हिसाब से धान भेजा जा सकता है। साथ ही किसानों को ₹110 शुल्क जमा कर पैक्स का सदस्य बनने का भी सुझाव दिया गया।
जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की योजना के तहत मेराल प्रखंड में गेरुआ सहित चार पैक्स भवन का निर्माण किया गया है, जबकि छह नए पैक्स भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत के अनुसार दाम नहीं मिलना बेहद शर्मनाक है, जबकि हमारे क्षेत्र में लगभग 90 प्रतिशत आबादी किसान है। उन्होंने अरंगी पैक्स में धान खरीदी शुरू नहीं होने पर भी नाराजगी व्यक्त की। इस मौके पर मुखिया अनिल चौधरी, वीरेंद्र नाथ तिवारी एवं हरेंद्र चौधरी ने भी किसान हित में अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन मुखिया अनिल चौधरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बीडीसी प्रतिनिधि रामाशीष राम द्वारा किया गया।
इस अवसर पर किसान उदय नाथ चौबे, उमेश चौबे, दयानंद चौबे, गोपाल राम, देवेंद्र तिवारी, सूर्यदेव तिवारी, विक्रमा चौबे, गौरी शंकर चौबे, मदन यादव, नंदलाल तिवारी, मनोज चौबे, विजय शंकर चौबे, रविंद्र मिश्रा, कृष्णानंद चौबे सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।



