खेलटॉप न्यूज़

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्डन ने किया सम्मानित

 

विकास कुमार 

मेराल। एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्डन विद्यालय में पलामू प्रमंडल के पहले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद आमिर रियाज के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद आमिर रियाज और उनके गुरु रामप्रवेश तिवारी को अंगवस्त्र और पुष्प देकर सम्मानित किया।

इस दौरान विद्यालय में चल रहे मिशन ओलंपिक के तहत बॉक्सिंग सहित अन्य खेल गतिविधियों की तैयारी को लेकर भी चर्चा की गई। निदेशक धर्मेंद्र देव ने खिलाड़ियों से उनकी तैयारी के बारे में जानकारी ली और कहा कि विद्यालय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बताया गया कि मोहम्मद आमिर रियाज ने अपने खेल जीवन की शुरुआत बॉक्सिंग से की थी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया था। वर्तमान में वे साइकिलिंग में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में हुए एशियाई कप में भारत की ओर से खेलते हुए उन्होंने दो पदक जीतकर देश और जिले का गौरव बढ़ाया है।

इस मौके पर उनके गुरु रामप्रवेश तिवारी ने कहा कि आमिर रियाज बचपन से ही मेहनती और लगनशील खिलाड़ी रहे हैं। उनकी कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि आज उन्हें देश के लिए खेलने का मौका मिला और उन्होंने भारत के लिए पदक भी जीते। वहीं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद आमिर रियाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे शहरों और गांवों से भी बड़े खिलाड़ी बन सकते हैं, बस मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव का आभार जताते हुए कहा कि गढ़वा जैसे पिछड़े क्षेत्र में खिलाड़ियों को तैयार करना बेहद सराहनीय कार्य है।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इससे पहले भी विद्यालय की छात्राओं ने महिला पंचक सिल्लोड चैंपियनशिप में 35 पदक जीतकर राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया था, जो गढ़वा जिले के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र देव ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!