एसडीएम ने एक बोरा अवैध राशन ले जाते पकड़ा

एसडीएम संजय कुमार पांडे ने दाल भात केन्द्र का निरीक्षण के दौरान अवैध राशन ले जाते पकड़ा

विकास कुमार
मेराल। गढ़वा एसडीएम संजय कुमार पांडे द्वारा गुरुवार को मेराल में दाल भात केंद्र का निरीक्षण किया तथा अवैध रूप से डीलर से एक बोरा खाद्यान्न ले जाते एक व्यक्ति को पकड़ा । निरीक्षण के क्रम में एसडीएम श्री पांडे ने दाल भात केंद्र की संचालिका बिंदा देवी की अनुपस्थिति में खाना बनाने वाली चिंता देवी से गुरुवार को बनाए गए चावल दाल की मात्रा के बारे में पूछताछ की। लेकिन चिंता देवी के द्वारा संतोष जनक जवाब नहीं दिया गया। एसडीएम संजय पांडे ने बताया कि दाल भात केंद्र में खाना बनाने वाली चिंता देवी से रजिस्टर, प्रतिदिन बनने वाले खाद्यान्न की मात्रा, दाल भात केंद्र का बोर्ड नहीं होने एवं खाद्यान्न का स्टॉक के बारे में पूछा गया लेकिन किसी चीज की जानकारी नहीं दी गई। श्री पांडे ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि दाल भात केंद्र का संचालन सही तरीके से नहीं हो रहा है इसलिए संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। एसडीएम ने एक व्यक्ति को एफसीआई गोदाम से एक बोरा चावल लेकर जाते हुए देखा तथा उस व्यक्ति से खाद्यान्न कहां से मिला इसके बारे में पूछताछ किया। खाद्यान्न ले जा रहा व्यक्ति ने बताया कि चूल्हन सिंह डीलर द्वारा गोदाम से एक बोरा चावल दिया गया है। इसके बाद एसडीएम श्री पांडे ने खाद्यान्न गोदाम पहुंचकर डीलर चूल्हन सिंह से पूछताछ कर फटकार लगाते हुए कहा कि गरीब का खाद्यान्न अवैध तरीके से इधर-उधर ना करें अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में डीलर चूल्हन सिंह ने बताया कि थाना के स्टाफ द्वारा दो बोरा गेहूं मांग किया गया था तो हमने एक बोरा गेहूं दिए। इस संबंध में एसडीओ संजय कुमार पांडे से पूछने पर बताया कि गरीबों का राशन थाना में दिया जा रहा था इसका जांच कर कानूनी कार्रवाई किया जाएगा। इस मामले में मेराल विधायक प्रतिनिधि डॉक्टर लालमोहन ने कहा कि ऐसा गबन करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।




