टॉप न्यूज़धर्म

महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में रुद्राभिषेक एवं मेले का आयोजन

विकास कुमार 

मेराल । पवित्र पर्व महाशिवरात्रि पूरे प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। रविवार सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान शिव की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

प्रखंड के विभिन्न मंदिरों में कहीं रुद्राभिषेक तो कहीं अखंड भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया। थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में थाना प्रभारी विष्णु कांत ने सपरिवार रुद्राभिषेक किया। इस अवसर पर थाना परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

हासनदाग के चरकपथली पहाड़ पर मेला एवं अखंड भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचे। वहीं लातदाग चूड़ामणि पहाड़ स्थित शिव मंदिर, दलेली मंदिर परिसर तथा मेराल के मुड़ल टोला शिव मंदिर में नवयुवक फ्रेंड्स क्लब द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई और भगवान शंकर का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। हडही पहाड़ पर भी मेले का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। शहर से लेकर गांव तक हर शिवालय में भक्तिमय वातावरण बना रहा। विशेषकर महिलाओं में पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह देखा गया। पूरे दिन क्षेत्र में‘हर-हर महादेव’ के जयकारे से गूंजता रहा और वातावरण पूरी तरह शिवमय बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!