टॉप न्यूज़

ईंट भट्ठा परिसर में बेकाबू घोड़े ने मचाई तबाही, एक वर्षीय मासूम की मौत, तीन साल की बच्ची की आंख गई

 

ईंट भट्ठा परिसर में बेकाबू घोड़े ने मचाई तबाही, एक वर्षीय मासूम की मौत, तीन साल की बच्ची की आंख गई

ब्रेकिंग न्यूज़

विकास कुमार 

मेराल । थाना क्षेत्र के खोलरा गांव स्थित के बी ईंट भट्ठा परिसर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ईंट ढुलाई कर रहे इक्का घोड़े के अचानक बेकाबू हो जाने से दो मासूम बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं। इस भीषण हादसे में एक वर्षीय काव्य कुमारी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय आरती कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल आरती का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक काव्य कुमारी के पिता सतीश कुमार केवट छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के गोवाडीह गांव के निवासी हैं और के बी ईंट भट्ठा पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल आरती कुमारी के पिता अघनू केवट भी बिलासपुर के पास हरदी गांव के रहने वाले हैं और उसी भट्ठे पर ईंट बनाने का काम करते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भट्ठा परिसर में इक्का घोड़े से कच्ची ईंटों की ढुलाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक घोड़ा बेकाबू हो गया और खेल रही दोनों मासूम बच्चियों को कुचलता हुआ निकल गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के मजदूर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

दोनों बच्चियों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने काव्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं आरती की हालत गंभीर देखते हुए उसे गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में आरती की एक आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मौजूद लोगों से पूछताछ की। पीड़ित परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में हर संभव सहायता और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मजदूर परिवारों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!