नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पतंजलि योग समिति द्वारा मनाई

पराक्रम दिवस साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक है : डॉ. लालमोहन
विकास कुमार
मेराल। पतंजलि योग समिति के प्रखंड कार्यालय में बुधवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन द्वारा नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद प्रखंड प्रभारी बलराम शर्मा सहित भाजपा नेता अशोक केसरी, राजेश यादव, आलोक गुप्ता, योग शिक्षक बिजेश्वर प्रजापति, सुदीप कुमार, मदन यादव आदि ने पुष्प अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. लालमोहन ने कहा कि “पराक्रम दिवस साहस, स्वाभिमान और राष्ट्र निष्ठा का प्रतीक है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया और युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए सदैव प्रेरित किया।” अन्य वक्ताओं ने नेताजी के योगदान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नेताजी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष को गति देने हेतु आजाद हिंद फौज का गठन किया, जो उनके अदम्य साहस, दूर दृष्टि और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में नेताजी की भूमिका सदैव राष्ट्र को प्रेरित करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह सम्पन्न हुआ।


