भीमखांड़ के ग्रामीण बोले—भूमि कागजात नहीं, विकास कार्य ठप
सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे व भाजपा नेता विनय चौबे ने लिया जमीन संबंधित समस्याओं का संज्ञान

विकास कुमार
मेराल। प्रखंड अंतर्गत संगबरिया पंचायत के भीमखाड़ गांव में रविवार को ग्रामीणों की पहल पर गढ़वा जिला सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय चौबे पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने बताया कि वन भूमि से संबंधित कागजात नहीं होने के कारण वर्षों से विकास कार्य बाधित है। कागजात के अभाव में ग्रामीण सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से भी वंचित हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या वन विभाग से लेकर उपायुक्त और राज्य सरकार तक कई बार बात रखी गई, लेकिन आज तक समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे ने आश्वस्त किया कि गरीब अनुसूचित जाति परिवारों के भूमि स्वामित्व से जुड़ी इस समस्या को वन विभाग एवं सांसद विष्णु दयाल राम के समक्ष रखा जाएगा और समाधान हेतु सार्थक पहल की जाएगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय चौबे ने कहा कि वे 20 वर्ष पूर्व भी इस गांव में आए थे और उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को यहां की समस्याओं से अवगत कराया था, जिसके बाद गांव में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल और आवास मरम्मत जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि आज भी भूमि स्वामित्व की समस्या जस की तस बनी हुई है, जो बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर सांसद विष्णु दयाल राम और उपायुक्त को अवगत कराकर समाधान का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को भू-स्वामित्व मिल सके और गांव का समुचित विकास संभव हो सके।

कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री महेंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि चंद्रमणि पाठक, शशिभूषण गुप्ता, बबन प्रसाद, रविशंकर सिंह सहित ग्रामीणों में नंदलाल राम, रामाश्रय राम, रामधारी राम, विनोद राम, कामेश्वर राम, लाल बिहारी भुइयां, राजकुमार राम, अक्षय कुमार, सुरेश भूईया, शंभू राम, दिनेश राम, रामकेवल, राजेश राम समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे।
।



