
विकास कुमार
मेराल। उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बगही टोला तेनार में विद्यालय के पानी टंकी में लगा सोलर पैनल अज्ञात चोरों द्वारा बीती रात्रि चोरी कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे।ग्रामीणों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों के लिए पीने के पानी का यही एकमात्र साधन था। सोलर पैनल की चोरी हो जाने से बच्चों को पेयजल की भारी समस्या का सामना करना पड़ेगा। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाए तथा विद्यालय में पुनः सोलर पैनल लगवाकर बच्चों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उपेंद्र कुमार सहित अशोक राम, उदय सिंह, शिवशंकर राम, वंशीधर सिंह, राजेश राम, कुंदन राम, दिनेश कुमार, गंगा सिंह समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।



